Breaking news

[email protected] | +91-9406858420

logo
header-add

चार दशक की निष्कलंक सेवा में बनाई विशिष्ट पहचान, पत्रकारिता एवं प्रशासनिक क्षेत्र में रहे सम्मानित चेहरा

16-06-2026




पीआरओ जगदीश मालवीय का तबादला, आगर मालवा भेजे गए


नीमच। मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी तबादला आदेशों में नीमच के जिला जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) जगदीश मालवीय का स्थानांतरण आगर मालवा कर दिया गया है। वहीं उमरिया में पदस्थ सहायक जनसंपर्क अधिकारी अरुणेंद्र सिंह को नीमच जिले का नया जिला जनसंपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है। तबादला सूची में मंदसौर और रतलाम जिले के जनसंपर्क अधिकारी भी शामिल हैं।

आदेशानुसार मंदसौर के जिला जनसंपर्क अधिकारी ईश्वरलाल चौहान का स्थानांतरण रतलाम किया गया है, जबकि आगर मालवा में पदस्थ शकील अहमद को मंदसौर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नीमच में लंबे सेवाकाल के दौरान बनाई अलग पहचान

जगदीश मालवीय ने अपने लगभग चार दशक के गौरवशाली एवं निष्कलंक सेवाकाल में प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वे अपनी सहज कार्यशैली, सरल स्वभाव एवं मीडिया के साथ सकारात्मक संबंधों के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते हैं।

धार जिले की बदनावर तहसील के निवासी मालवीय ने अपनी प्रारंभिक एवं महाविद्यालयीन शिक्षा बदनावर में प्राप्त की। वर्ष 1988 से जनवरी 1993 तक उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय, ग्वालियर में सेवाएं दीं। इसके बाद जुलाई 1993 में उनकी नियुक्ति जनसंपर्क विभाग में बालाघाट जिले में हुई।

कई जिलों में दी सेवाएं

बालाघाट में सेवाएं देने के बाद वे वर्ष 1993 से जून 1996 तक रतलाम जिले में पदस्थ रहे। जुलाई 1996 में उनका स्थानांतरण मंदसौर जिले में हुआ, जहां उन्होंने जनसंपर्क गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित किया। वर्ष 1998 में नीमच जिले के गठन के साथ ही उनकी पदस्थापना जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच में हुई और उन्होंने जिले की जनसंपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जुलाई 2006 से जुलाई 2007 तक वे अशोकनगर जिले में जिला जनसंपर्क अधिकारी रहे। इसके बाद पुनः नीमच लौटकर उन्होंने सहायक संचालक जनसंपर्क एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

सिंहस्थ महापर्व में निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

जगदीश मालवीय ने वर्ष 2004 और 2016 के सिंहस्थ महापर्व में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया। सिंहस्थ-2004 में वे मुख्य मीडिया सेंटर प्रभारी रहे, जबकि सिंहस्थ-2016 में तत्कालीन मेला प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए मीडिया समन्वय और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभाली।

मीडिया और प्रशासन में रहे लोकप्रिय

अपने लंबे सेवाकाल के दौरान मालवीय ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली के कारण प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के बीच उनकी एक अलग पहचान बनी। नीमच जिले में उनके लंबे कार्यकाल को जनसंपर्क विभाग एवं पत्रकारिता जगत लंबे समय तक याद रखेगा।

उनका आगर मालवा स्थानांतरण विभागीय दृष्टि से नई जिम्मेदारी एवं अनुभव के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। वहीं नीमच जिले को नए जिला जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अरुणेंद्र सिंह का अनुभव प्राप्त होगा।